कृषि मंत्री पटेल विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में हुए शामिल

भोपाल : किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने आज जबलपुर और नरसिंहपुर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने भेड़ाघाट के ग्राम भटपुरा में आदर्श गोबर फर्टिलाइजर केन्द्र का अवलोकन कर परिसर में पारिजात का पौधा रोपा। पटेल ने जबलपुर में पूर्व मंत्री और विधायक अजय विश्नोई से भी सौजन्य भेंट की।
कृषि मंत्री पटेल ने गुरुवार को जबलपुर के ग्राम मंगोली में नर्मदा तट स्थित सोमेश्वर मठ में आयोजित पंच-कुण्डात्मक रुद्र महायज्ञ में शामिल होकर संत 1008 स्वामी धर्मानंद जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पटेल ने नरसिंहपुर के गोटेगाँव के ग्राम परसवाड़ा में कथा-वाचक जयाकिशोरी जी की भागवत कथा का भी श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री पटेल ने भागवत में मंत्रमुग्ध होकर नृत्य भी किया।
भागवत में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक एन.पी. प्रजापति, विधायक जालम सिंह पटेल सहित जन-प्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद थे।